हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने आज 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सोनीपत के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान में हिस्सा लिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. शर्मा ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को याद करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी और प्रगति में शहीदों का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने नागरिकों से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में जिला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस कर्मी, स्कूली बच्चे और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और परेड का आयोजन भी किया गया, जिसने समारोह में उत्साह बढ़ाया।
अंबाला सिटी के पुलिस लाइन में शुक्रवार को राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें राज्यपाल असीम कुमार घोष बतौर मुख्यातिथि पहुंचे। उन्होंने तिरंगा फहराया। इसके बाद मार्च पास्ट में सलामी ली। पुलिस की विभिन्न टुकड़ियों ने इस दौरान कदमताल करते हुए प्रदर्शन किया। वहीं राज्यपाल ने लोगों को संबोधित भी किया।
जींद की नई अनाज मंडी में आज स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम के साथ मनाया गया। इसमें राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा बतौर मुख्यातिथि शामिल होकर ध्वजारोहण किया। इससे पहले सांसद रेखा शर्मा गोहाना रोड पर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंची और पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम का आयोजन पहले पुलिस लाइन के मैदान में होना था लेकिन बारिश की आशंका को देखते हुए नई अनाज मंडी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। शाम को ही राज्य सभा सांसद रेखा शर्मा जींद पहुंच गई थी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने ध्वजारोहण किया। युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर बलिदानियों को सलाम किया। बावल और कोसली में तिरंगा झंडा विधायकों ने फहराया। समारोह में जिला के विभिन्न स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की अनेकता में एकता की झलक प्रस्तुत की तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा देखने को मिली।
इस अवसर पर रेवाड़ी में आयोजित मार्च पास्ट की टुकडियों के परेड कमांडर क्रिकेटर एवं डीएसपी जोगेंद्र शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। बैंड की धुन पर पीटी-डंबल शो का प्रदर्शन किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देश के विभिन्न राज्यों की लोक संस्कृति की झलक दिखाई।
नारनौल की स्थानीय आईटीआई में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने ध्वजारोहण किया। वहीं राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल महेंद्रगढ़ में नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, पितामह कान्हा सिंह राजकीय महाविद्यालय कनीना में महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह यादव तथा बैजनाथ चौधरी राजकीय महिला महाविद्यालय नांगल चौधरी में गुरुग्राम के कमिश्नर ने ध्वजारोहण किया।
समारोह में परेड की 8 टुकड़ियों में पुलिस की दो, होमगार्ड, रेडक्रॉस एंबुलेंस, स्काउट, गाइड, कब व बुलबुल, की टुकड़िया शामिल हुई। 10 स्कूलों की सांस्कृतिक टीमों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम पेश किया।