बादली। क्षेत्र के खेड़ी जट्ट गांव में गुरुवार को एनसीआर माइनर में नहाने के दौरान 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब दो घंटे की तलाश के बाद किशोर का शव बरामद किया गया।
मृतक की पहचान ध्रुव पुत्र सुनील निवासी खेड़ी जट्ट के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ध्रुव सुबह करीब 11 बजे गांव के पास से गुजर रही एनसीआर माइनर में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू किया और लगभग दो घंटे बाद ध्रुव का शव माइनर से बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल भेज दिया।