बुलंदशहर। बेसिक शिक्षा विभाग ने नए सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन करने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए एक जुलाई से जिलेभर में स्कूल चलो अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर बच्चों का नामांकन कराया जाएगा
बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कुल 1862 परिषदीय विद्यालय है। इनमें अब तक करीब दो लाख बच्चों ने नए सत्र में प्रवेश लिए है। शिक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य इस बार ऐसे बच्चों को विद्यालयों से जोड़ने पर रहेगा जो किसी कारणवश पढ़ाई से दूर हैं या बीच में स्कूल छोड़ चुके हैं। अभियान के दौरान शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, अनुदेशकों, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।
विद्यालयों में रैलियां, जागरूकता कार्यक्रम, अभिभावक बैठक और नामांकन अभियान चलाकर अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ पाठ्यक्रम आधारित गतिविधियों को भी प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का समय से विद्यालयों में नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें।
बताया कि बृहस्पतिवार को स्कूल खोलने के लिए संबंधित अधिकारियों व शिक्षकों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं। बताया कि इसी माह की 16 जून को स्कूल खुल गए थे लेकिन गर्मी को देखते हुए फिर से 24 जून तक स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था।