मुठभेड़ में लश्कर कमांडर वसीम अहमद शाह उर्फ अबू ओसामा सहित दो आतंकियों के मारे जाने के विरोध में रविवार को शोपियां तथा पुलवामा में बंद रहा। इस दौरान सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानें बंद रहीं। सड़क से सार्वजनिक वाहन गायब रहे। 4जी तथा 3जी मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप रही।
पुलिस का कहना है कि स्थिति सामान्य होने पर ही फोर जी तथा थ्री जी सेवाएं बहाल की जाएंगी। कश्मीर में आतंक के पर्याय वसीम अहमद शाह उर्फ अबू ओसामा सहित लश्कर के दो आतंकियों को सुरक्षा बलों ने शनिवार को पुलवामा जिले के लित्तर गांव में मुठभेड़ में मार गिराया था।
ओसामा लश्कर का जिला कमांडर था और उस पर दस लाख का इनाम था। ए डबल प्लस वर्ग का यह आतंकी संगठन में स्थानीय युवाओं की भर्ती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा था। मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों में से वसीम अहमद शाह उर्फ अबू ओसामा हेफ शोपियां का था, जबकि दूसरा आतंकी लित्तर पुलवामा का निसार अहमद मीर था। मुठभेड़ के दौरान क्रास फायरिंग में दो स्थानीय नागरिक भी घायल हुए थे, जिसमें लस्सीपोरा के गुलजार अहमद मीर की मौत हो गई थी।