नूंह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने नवनिर्मित आईटीआई पुन्हाना, आईटीआई उजीना, ढाई करोड़ की लागत से बने 3-बेज बस अड्डा पुन्हाना, मल्टीपर्पज हॉल व सब स्टेशन आईटीआई झामूवास, मल्टीपर्पज हॉल व सब स्टेशन आईटीआई नगीना, राजकीय महिला महाविद्यालय सालाहेड़ी नूंह का उद्घाटन किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने फिरोजपुर-बीवां 2 लेन रोड की आधारशिला भी रखी। साथ ही उन्होेंने करीब दो दर्जन गांवों के लिए जीवनरेखा का काम करने वाली दूबालू माइनर व उलेटा माइनर को खुदवाकर तथा विस्तार कर उजीना ड्रेन तक पहुंचाने की मांग का अध्ययन करवाकर पूरा करने की घोषणा भी की। इन माइनरों की मांग वर्षों से दो दर्जन गांवों के किसान उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए जमीन मुहैया करवा दी जाएगी और खुदाई भी करवा दी जाएगी। छपेड़ा से इडरी तथा छपेड़ा से कुर्थला तक रैनीवेल की दो पाइप लाइन डलवाने, गांव इंडरी, किरा, छपेड़ा, उजीना, गांगोली में खेल स्टेडियम बनवाने तथा आलदोका में एक व्यायामशाला, गांव उजीना व इडरी में 33 केवी क्षमता के बिजली के सबस्टेशन बनवाने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि इंडरी व पिनगवां को पहले ही खंड बनाया जा चुका है। छपेड़ा गांव में चालक प्रशिक्षण स्कूल, तावडू रोड से नल्हड़ मेडिकल कालेज, जवाहर नवोदय विद्यालय बाई होते हुए नूंह शहर का बाईपास रोड, गांव आटा में उपस्वास्थ्य केंद्र, गांव कालियाका में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नल्हड़ में पांडवकालीन मंदिर और शेख मूसा की दरगाह को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजने का भरोसा दिलाया। वहीं नूंह में सीवर लाइन का कार्य जारी है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।
नूंह से अलवर तक की सड़क होगी चार लेन
नूंह में बाल भवन तथा पांच करोड़ रुपये की लागत से सैनिक बोर्ड कार्यालय, सिंचाई विभाग की भूमि पर विभिन्न विभागों के अधीक्षक अभियंताओं के कार्यालय, मालब व इंडरी में नवनिर्मित पॉलीटेक्निक की कक्षाएं अगले सत्र से शुरू करने, कोटला फीडर अलग से बनवाने, नूंह व नगीना में सामुदायिक केंद्र का निर्माण भी करवाया जाएगा।
नूंह से अलवर तक की सड़क को चार लेन बनाने, नगीना से तिजारा तक नई सड़क का निर्माण करवाने, नूंह सब ब्रांच डिस्ट्रीब्यूटरी की तीन करोड़ रुपये की लागत से रेजिंग कराने तथा नूंह ग्रामीण के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये व नूंह शहर के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की। साथ ही नूंह विधानसभा के गांवों को आपस में जोड़ने के लिए करीब दो दर्जन सड़कों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
अध्यापकों को मिलेगा अतिरिक्त वेतन
मेवात में जो अध्यापक पढ़ाते हैं, वे यहां से अपना तबादला न करवाएं। इसके लिए उन्हें बेसिक-पे का 10 फीसदी अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा। हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष फरियाद मोहम्मद ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह मांग काफी पुरानी है। उन्होंने कहा कि यह भत्ता मेवात के सभी प्राध्यापकों व अध्यापकों को समान रूप से मिलेंगे।