छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 18 सीटों के लिए नामांकन के तीसरे दिन दो प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
अधिकारियों ने बताया कि दंतेवाड़ा से निर्दलीय के तौर पर छबिन्द्र कर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं बीजापुर से संतोष पुनेम ने समाजवादी पार्टी से अपना नामांकन पत्र भरा। शेष किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से कोई नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया।
छबिंद्र कर्मा राज्य के पूर्व नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा के पुत्र हैं। झीरम घाटी हमले में महेंद्र कर्मा की हत्या के बाद कांग्रेस ने उनकी पत्नी देवती कर्मा को टिकट दिया था। देवती कर्मा दंतेवाड़ा से विधायक हैं। लेकिन इस बार के चुनाव में देवती कर्मा को अपने बेटे छबिंद्र कर्मा के ही विरोध का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस के सूत्रों के मुताबिक छबिंद्र ने कांग्रेस से टिकट की मांग की थी। लेकिन जब उन्हें टिकट नहीं मिला तब उन्होंने स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में लड़ने का फैसला किया है। राज्य में पहले चरण के लिए कांग्रेस ने 12 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। कांग्रेस ने देवती कर्मा को एक बार फिर दंतेवाड़ा से अपना उम्मीदवार बनाया है।
छत्तीसगढ़ में दो चरणों में हो रहे निर्वाचन के पहले चरण में 18 सीटों के लिए 23 अक्टूबर तक नामांकन पत्र भरे जा सकते हैं। 24 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और प्रत्याशी 26 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। प्रथम चरण के लिए 12 नवंबर को मतदान होगा जबकि दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा। मतगणना 11 दिसंबर को होगी।