देश में गोवा और दिल्ली के बाद चंडीगढ़ की प्रति व्यक्ति आय सबसे अधिक है। पिछले कई सालों से चंडीगढ़ प्रति व्यक्ति सालाना आय में टॉप-3 में बना हुआ है। चंडीगढ़ में प्रति व्यक्ति सालाना आय 2 लाख 40 हजार 687 रुपये है। जबकि पहले नंबर पर रहे गोवा में 2 लाख 74 हजार 939 रुपये और दिल्ली में प्रति व्यक्ति सालाना आय 2 लाख 52 हजार 11 रुपये है।
पहले पांच नंबरों पर छोटे राज्यों ने अपना कब्जा जमाया है। केंद्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों से में यह स्थिति निकल कर आई है। इस बार प्रति व्यक्ति आय तय करने केलिए बेस ईयर 2011-12 रखा गया है। जबकि इससे पहले बेस ईयर 2004-2005 ही रहता था।
जबकि, राजनीति के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले दो राज्य बिहार और उत्तर प्रदेश एक बार फिर देश के दूसरे राज्यों से पिछड़ गए हैं। बिहार महज 34 हजार 856 रुपये की सालाना आय के साथ सबसे फिसड्डी है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी आय में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ है। उत्तर प्रदेश प्रति व्यक्ति 44 हजार 197 रुपये की सालाना आय के साथ दूसरा सबसे कम आय वाला प्रदेश है। विशेषज्ञों के अनुसार प्रति व्यक्ति आय किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के विकास का महत्वपूर्ण पैमाना होती है।
चंडीगढ़ में अधिकतर दंपति नौकरी पेशा वाले
यूटी चंडीगढ़ में आय अधिक होने के कई कारण हैं। आईटी पार्क हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध करवा रहा है। अपनी ग्रीनरी, आर्किटेक्चर वर्क और प्लांड सिटी की खूबसूरती के कारण चंडीगढ़ देश के बहुत से युवाओं को आकर्षित करता है। दूसरे प्रदेशों में जहां महिलाओं के काम करने का प्रतिशत काफी कम होता है। चंडीगढ़ में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की काम में हिस्सेदारी कुछ ही कम है। अधिकतर दंपति यहां नौकरी पेशा हैं। जनगणना-2011 में भी यह बात सामने आई थी।