झज्जर। बादली रोड स्थित अनाज मंडी के पास डिलीवरी पार्सल ऑफिस के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने महिला की सोने की चैन तोड़ ली और फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के सेक्टर-6 निवासी अनिता देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अगस्त की सुबह वह अपने पति धर्मबीर सिंह के साथ पार्सल लेने डिलीवरी ऑफिस गई थी। उसका पति पार्सल लेने अंदर चला गया, जबकि वह बाहर पेड़ के नीचे खड़ी थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों में से एक ने उसके पास आकर सोने की चैन तोड़ ली और दोनों फरार हो गए। चैन में लोकेट लगा हुआ था और उसका वजन करीब एक तोला था। पुलिस ने थाना शहर झज्जर में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि 16 जुलाई को भी सेक्टर-6 के पास रेवाड़ी रोड पर एक महिला से चैन तोड़ने का प्रयास हुआ था। उस समय महिला ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।