बहादुरगढ़। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सोमवार को सेक्टर-2 और सेक्टर-6 की डिवाइडिंग रोड पर बड़े स्तर पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। इस दौरान ग्रीन बेल्ट और नालों पर किए गए 30 से अधिक अवैध कब्जों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कुछ सेक्टरवासियों ने विरोध किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण विरोध प्रभावी नहीं हो सका।
सेक्टर-6 की ओर डिवाइडिंग रोड के साथ ग्रीन बेल्ट और नाले पर लोगों ने चारदीवारी, गेट, पार्किंग, बागवानी और फेंसिंग कर सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था। मामले की शिकायत सीएम विंडो पर की गई थी, जिसके बाद एचएसवीपी ने सख्त कार्रवाई की। अभियान दोपहर करीब एक बजे शुरू होकर शाम चार बजे तक चला। जेसीबी से अवैध दीवारें, लोहे की फेंसिंग, गेट और अन्य निर्माण तोड़े गए।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष कौशिक मौजूद रहे। वहीं एचएसवीपी के एसडीओ कृष्ण मलिक, जेई अजय और आशीष ने कार्रवाई की निगरानी की। एसडीओ कृष्ण मलिक ने बताया कि अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान एक सप्ताह तक लगातार जारी रहेगा।