संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जिले की पांच स्वास्थ्य संस्थाओं की बिल्डिंगों की मरम्मत का कार्य किया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग द्वारा वार्षिक मरम्मत के तहत ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की मांग पर यह कार्य किया जा रहा है, ताकि पूरे वर्ष भवनों की देखभाल सुचारू रूप से हो सके।
जिले के बादली, बेरी, मातनहेल, दूबलधन और जमालपुर स्थित स्वास्थ्य संस्थाओं की बिल्डिंगों की मरम्मत की जाएगी। सीएचसी जमालपुर पर 8.06 लाख रुपये, सीएचसी बादली पर 5.20 लाख रुपये, बेरी स्थित 50 बेड अस्पताल पर 19.37 लाख रुपये, सीएचसी दूबलधन पर 14.88 लाख रुपये तथा मातनहेल अस्पताल पर 14.42 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब तकनीकी व वित्तीय बिड खोली जाएंगी। इसके बाद कम दर और शर्तों को पूरा करने वाली फर्म को कार्य आवंटित किया जाएगा।