भूमि के विवाद में सगे भाइयों को मारी गोली
तरवां थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार में मंगलवार सुबह जमीन विवाद में मनबढ़ों ने दो भाइयों को गोली मार दी। पेट और हाथ में गोली लगने से घायल दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने दोनों को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। एसपी दयानंद मिश्रा, एसपी सिटी डा. विपिन ताड़ा कई थानों की फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे थे।
खरिहानी गांव निवासी अजीत विश्वकर्मा (40) पुत्र स्व. रामरतन की खरिहानी मुख्य चौक पर पुश्तैनी जमीन है। हिस्से में मिली उस जमीन पर पट्टीदार से मुकदमा चल रहा है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। काफी दिनों से अजीत का निर्माण कार्य रुका था। लेकिन सोमवार शाम से अजीत ने पुन: उस जमीन पर निर्माण कराना शुरू कर दिया। मंगलवार की सुबह निर्माण चालू था।
वहीं पर अजीत अपने छोटे भाई अजय (30) के साथ खड़ा था। करीब नौ बजे विपक्षी मौके पर पहुंचे और निर्माण रोकने को कहा। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। तभी विपक्षियों ने फायर कर दिया और गोली अजीत के सीने और अजय के पेट में लग गई।