नारनौल। सीआईए ने शराब तस्करी मामले में कार्रवाई करते हुए 663 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
सीआईए को सूचना मिली थी कि मोहल्ला पुरानी सराय निवासी रामबिलास व राहुल, रामबिलास के घर पर अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सीआईए ने रामबिलास के घर पर रेड की, जहां राहुल व रामबिलास दोनों मौजूद मिले।
घर की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। दोनों आरोपियों से शराब संबंधी वैध लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए सीआईए ने जांच एवं उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मोहल्ला दशमेश नगर निवासी आरोपी सागर को मामले की जांच में शामिल किया। जांच के दौरान सामने आया कि सागर अवैध शराब को आगे लोगों तक पहुंचाने का कार्य करता था। पुलिस ने शराब के वितरण में प्रयुक्त की जा रही स्कूटी बरामद कर नियमानुसार जब्त कर ली है।
डीएसपी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध शराब की खरीद-फरोख्त एवं वितरण से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।