फोटो नंबर-18जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नारनौल।
- फोटो : 1
नारनौल। जिले के सरकारी स्कूलों में आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार छात्रों को नई पुस्तकों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से पहली से आठवीं तक की 100 प्रतिशत पुस्तकें एकत्रित करने के आदेश जारी किए गए हैं।
परीक्षाएं समाप्त होने के बाद अप्रैल में स्कूलों में आने वाले विद्यार्थियों से पुरानी किताबें एकत्रित करने का कार्य संबंधित स्कूल मुखिया करेंगे। इन पुस्तकों का उपयोग नए सत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई शुरू करवाने के लिए किया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त ने बताया कि पहली से आठवीं कक्षा तक का पाठ्यक्रम एनसीईआरटी की ओर से पहले ही विकसित किया जा चुका है जो डिजिटल और प्रिंट दोनों स्वरूपों में उपलब्ध है।
उन्होंने यह भी बताया कि नौवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है और नई पुस्तकों का प्रकाशन एनसीईआरटी की ओर से किया जा रहा है। संशोधित पाठ्यक्रम को संदर्भ और फीडबैक के लिए एनसीईआरटी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है।
वहीं दसवीं और ग्यारहवीं कक्षा का पाठ्यक्रम फिलहाल यथावत रहेगा। अधिकारियों ने सभी स्कूल मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि वे पुरानी पुस्तकों का संग्रह सुनिश्चित करें और नई पुस्तकों के आने तक इन्हीं के माध्यम से पढ़ाई प्रारंभ करवाएं।
शिक्षा विभाग के इस प्रयास से नए सत्र की शुरुआत सुचारू रूप से हो सकेगी और छात्रों की पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रहेगी।