चकरनगर। शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे भाजपा ब्लॉक प्रमुख के पति की गाड़ी पर अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। इससे वाहन का शीशा टूट गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
चकरनगर ब्लॉक प्रमुख राधा यादव के पति राकेश यादव मंगलवार रात लगभग 12 बजे उदी मार्ग स्थित गयाश्री मैरिज गार्डन में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी स्कॉर्पियो मैरिज गार्डन के बाहर खड़ी की और अंदर चले गए। राकेश यादव के मुताबिक क्षेत्र के एक गांव निवासी अराजकतत्व ने उनकी गाड़ी पर पथराव कर दिया। इससे पीछे का शीशा टूट गया।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था। राकेश ने एक प्रधान पर अराजकता फैलाने की आशंका भी जताई है। थाना प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा ने बताया कि राकेश की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है।