भाजपा से जुड़े जिला पंचायत सदस्य व जिला नियोजन समिति (डीपीसी) के सदस्य उमाशंकर भट्ट ने डीपीसी की बैठक से किनारा किया। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन भी किया। उनकी नाराजगी क्षेत्र के प्रस्तावों को इस साल की जिला योजना में शामिल नहीं करने को लेकर थी। बाद में सदस्य ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन भी दिया। उन्होंने योजनाओं को शामिल नहीं करने पर उन्होंने 29 अगस्त से भूख हड़ताल में जाने की चेतावनी दी है।
अमोड़ी क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य उमाशंकर भट्ट का कहना है कि उनका क्षेत्र बेहद पिछड़ा है। इसके बाद भी जिला योजना में बीते तीन वर्षों से उनके क्षेत्र की योजनाओं को शामिल नहीं किया गया है। यहां तक कि पिछले साल स्वीकृत हुई योजनाओं की धनराशि भी आज तक आवंटित नहीं हुई है। प्रदर्शन करने वाले में खुशाल दत्त, ललित मोहन, ईश्वरी दत्त, रेखा भट्ट, नवीन भट्ट, ललित भट्ट, रामदत्त आदि शामिल थे। भाजपा नेता भट्ट का कहना है कि उन्होंने लोगों की मांग के मद्देनजर इस बार करीब 1.50 करोड़ रुपये की 10 योजनाओं को प्रस्तावित किया था। जिसमें कोट अमोड़ी, छतकोट, कांडाडोला, नायल, बजौन, ककनई, डांडा मल्ला आदि में स्कूल भवन, पेयजल लाइन, सड़क आदि के प्रस्ताव रखे। पर इन्हें शामिल नहीं किया गया। जिले की प्रभारी मंत्री रेखा आर्य ने भी इस मसले पर आगे गौर करने की बात कही, लेकिन सदस्य इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए।
\