बेटे को थाने ले जाने पर आरएसएस नेता की हार्टअटैक से मौत, भड़के केंद्रीय राज्यमंत्री
Sat, 10 Dec 2016 07:36 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो, मुजफ्फरनगर
सार
केंद्रीय राज्यमंत्री भड़के, कहा, आरोपी पुलिस कर्मियों पर दर्ज हो हत्या की रिपोर्ट, बाइक चोरी के मामले में बेटे का उठाया था, आरएसएस नेता को पड़ा था हार्टअटैक, पुलिस कर्मियों पर नेता के साथ धक्का मुक्की और मारपीट करने का आरोप, शमशान घाट पर भाजपाइयों ने सीओ और इंस्पेक्टर को घेरा, दरोगा सहित पुलिसकर्मियों के खिलाफ दी गई तहरीर, दरोगा सस्पेंड
खतौली में दबिश देकर बेटे को घर से उठाकर ले जाने के सदमे में पिता एवं आरएसएस नेता की हार्टअटैक से मौत हो गई। घटना से भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया। अंतिम संस्कार में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने सीओ और इंस्पेक्टर को श्मशान घाट पर बुलाया। जहां भाजपाइयों ने सीओ, इंस्पेक्टर का घेराव किया और मारपीट कर नेता की हत्या करने और बेटे को थाने में थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया। गुस्साए मंत्री ने सीओ से कहा कि पुलिसकर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करें और उन्हें सस्पेंड करें। मंत्री ने खुद मृतक नेता के बेटे से सीओ को तहरीर दिलवाई। देर शाम एसएसपी बबलू कुमार ने आरोपी दरोगा को सस्पेंड कर दिया और जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विज्ञापन
मोहल्ला जैननगर निवासी चेतन प्रकाश शर्मा (68) सेवानिवृत्त शिक्षक थे और लोकतंत्र संग्राम कल्याण परिषद के सेनानी और आरएसएस के नगर कार्यवाह भी थे। फिलहाल वह श्री टैगोर विद्यापीठ नाम से स्कूल भी चला रहे थे। शुक्रवार रात थाने से दरोगा अजय कुमार करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों को साथ लेकर बाइक चोरी के मामले में पूछताछ करने लिए चेतन प्रकाश शर्मा के घर पहुंचे। आरोप है कि दरवाजा खुलते ही पुलिस कर्मी मकान के अंदर घुस गए। उन्होंने मकान में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी और घर में सो रहे चेतन प्रकाश शर्मा के पुत्र अभय कांत शर्मा को उठा लिया और पीटना शुरू कर दिया। पूछताछ करने पर पुलिसकर्मियों ने पिता चेतन प्रकाश शर्मा के साथ भी मारपीट करते हुए धक्का-मुक्की की। इसके बाद पुलिस अभयकांत को थाने ले आई।
परिजनों के मुताबिक इसी सदमे में चेतन प्रकाश शर्मा को हार्टअटैक पड़ गया। परिवार के लोग उनको अस्पताल ले गए, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आरएसएस नेता की मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने रात में ही उनके बेटे को छोड़ दिया। उधर, आरएसएस नेता की मौत से भाजपाइयों में आक्रोश फैल गया। शनिवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी, पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल पंवार, नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल, सांसद प्रतिनिधि मदन छाबड़ा, सुनील तायल सहित दर्जनों कार्यकर्ता मृतक नेता के घर पहुंचे। इसके बाद परिजन और भाजपाई शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे।
विज्ञापन
नेता की मौत की खबर पर केंद्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान भी सीधे श्मशान घाट पहुंचे। मंत्री ने गहरा दुख प्रकट करते हुए परिजनों को सांत्वना दी। मंत्री ने सीओ हरिराम यादव और इंस्पेक्टर केपी सिंह को शमशान घाट पर बुला लिया। वहां सीओ और इंस्पेक्टर का भाजपाइयों ने घेराव किया। इस दौरान मृतक के परिजनों ने दरोगा व पुलिसकर्मियों पर हत्या करने का आरोप लगाया। परिजनों का यहां तक कहना था कि पुलिस ने थाने ले जाकर अभयकांत शर्मा को थर्ड डिग्री दी है। मंत्री इस पर भड़क गए। मंत्री ने सीओ से कहा कि दोषी दरोगा और पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सभी को सस्पेंड किया जाए। मंत्री ने मृतक के पुत्र दिगंत शर्मा की ओर से सीओ को दरोगा सहित एक दर्जन पुलिसकर्मियों के विरुद्ध पिता की हत्या करने की तहरीर दिलवाई। इंस्पेक्टर केपी सिंह ने बताया कि दरोगा अजय कुमार को एसएसपी बबलू कुमार ने सस्पेंड कर दिया है। मृतक के पुत्र द्वारा दी गई तहरीर पर पूरे मामले की जांच-पड़ताल कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर दरोगा सहित पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दरोगा ने मृतक नेता को आतंकवादी बताया था : श्मशान घाट पर मृतक आरएसएस नेता चेतन प्रकाश शर्मा के बेटे अभयकांत शर्मा और दिगंत शर्मा के आंसू नहीं रुक रहे थे। मंत्री को देखकर दोनों भाई फूट-फूटकर रोने लगे। रोते बिलखते हुए अभयकांत शर्मा ने मंत्री को बताया कि दरोगा ने उनके मृतक पिता को आतंकवादी कहा था और उसको आतंकवादी का बेटा। अभयकांत शर्मा की बातें सुनकर मंत्री हैरान रह गए। मंत्री ने कहा कि पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी और परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।