संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। शहर के महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम के मुक्केबाजों ने एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में परचम लहराया और पदक अपने नाम किए।
इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एवं अंडर-19 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में झज्जर स्टेडियम के मुक्केबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया। अंडर-23 के 57 किलोग्राम भार वर्ग में गांव सुरहा कलोई निवासी प्राची धनखड़ ने इंडोनेशिया की डिरा आर्टिका को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराकर स्वर्ण पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया।
अंडर-19 के 65 किलोग्राम भार वर्ग में गांव मातनहेल निवासी मौसम सुहाग ने किर्गिस्तान के एलडियार टेनिसबेकोव को 5-0 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। अंडर-23 के 70 किलोग्राम भार वर्ग में गांव जहांगीरपुर निवासी हितेश गुलिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। वहीं, गांव सिलानी निवासी सागर ने भी कांस्य पदक जीतकर झज्जर का मान बढ़ाया।
इस अवसर पर हरियाणा मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष मेजर सतपाल संधू, महासचिव ओमबीर हुड्डा, झज्जर मुक्केबाजी संघ के महासचिव सोमबीर अहलावत, उपाध्यक्ष चुनीलाल सैनी, भाजपा राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, सोमवती जाखड़, संजय कबलाना, मनीष बंसल और कप्तान बिरधाना ने सभी खिलाड़ियों, उनके परिवारों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।