विदेशों में मोटी तनख्वाह पर नौकरी दिलवाने का झांसा देकर ठगी करने आरोपी बलजीत सिंह उर्फ राजा को दिल्ली एयरपोर्ट पर जयपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। राजा बैंकाक भाग गया था और वह रविवार को किसी काम से भारत आया था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) मनीष अग्रवाल ने बताया कि इस गिरोह ने व्हाइट विजन ओवरसीज कंसलटेन्सी सर्विसेज नाम से कम्पनी बनाई। आरोपियों ने इसके माध्यम से पिछले पांच महीने में कुवैत में नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 150 व्यक्तियों के साथ ठगी की। इन्होंने मेडिकल के नाम पर प्रति व्यक्ति 30 हजार रुपए लेकर हड़प लिए। लेकिन, एक भी व्यक्ति को विदेश नहीं भेजा। कंपनी ने चूरू, जयपुर समेत राज्य के अन्य जिलों में भी ठगी की है। इसके बाद ये लोग बैंकाक भाग गए।
इनमें से एक आरोपी बलजीत सिंह उर्फ राजा 19 मार्च को अपनी मां को लेने बैंकाॅक से दिल्ली आया था। इसकी सूचना पर जयपुर से गए सब इंस्पेक्टर हनुमानराम व कांस्टेबल महेशचंद ने उसे स्थानीय एयरपोर्ट आॅथरिटी की मदद से गिरफ्तार कर लिया।