बीसीसीआई अध्यक्ष एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने हिमाचल के जसूर में कहा कि अमनप्रिय देश भारत सिर्फ अमन चाहता है। लेकिन, यदि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और कभी युद्ध की नौबत आई तो 1965, 1971 और कारगिल युद्ध की तरह एक बार फिर पाक को भारत धूल चटा देगा।
अनुराग ठाकुर जसूर में भाजपा जिला युवा महामंत्री एवं पूर्व पार्टी प्रत्याशी रणवीर सिंह निक्का की ओर से नशा मुक्त नूरपुर अभियान के तहत की निकाली गई रैली को संबोधित कर रहे थे। अनुराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना को फ्री हैंड देते हुए उड़ी हमले का बदला लेने के आदेश दिए।
सेना ने आतंकी संगठनों के ठिकाने तबाह करके उसका मुह तोड़ जबाव दिया। सर्जिकल स्ट्राइक से प्रधानमंत्री ने देश के विकास को बाधा पहुंचाने वाले और आतंकी संगठनों को एक बात का अहसास करवा दिया है कि देश को अगर कोई छेड़ेगा तो उसको किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।
मोदी है पीएम, भारत को कम न आंके कोई
अनुराग ने कहा कि भारत को कोई भी कम नहीं आंके क्योंकि भारत के प्रधानमंत्री मोदी हैं। देश की तरक्की में जो भी बाधक बनेगा, उसको किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का शासनकाल बिल्कुल असफल रहा है। प्रदेश की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आहवा्न किया कि वे प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने के लिए डट जाएं।
सरकार जमीन दे, 12 माह में बनाउंगा क्रिकेट स्टेडियम
ठाकुर ने कहा कि नशे के खिलाफ छेड़े अभियान में युवाओं को खेलों के प्रति जागरूक करने के लिए 5 करोड़ की लागत से एचपीसीए नूरपुर में एक क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करेगी। हिमाचल सरकार यदि जमीन दे तो 12 माह के अंदर नूरपुर में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करवाया जायेगा।
एक माह में 1 करोड़ लोगों को देंगे रोजगार
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। मोदी सरकार का उद्देश्य एक माह में एक करोड़ लोगों को रोजगार देने का है जिसके चलते देश में 50 फीसदी विदेशी निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है।