माछरौली। थाना माछरौली पुलिस ने कैंटर छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी प्रमोद निवासी गांव गुगाना, जिला गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रबंधक उपनिरीक्षक संदेश कुमार ने बताया कि गांव पथरेड़ी निवासी सत्यम सिंह ने शिकायत दी थी कि उसकी ट्रांसपोर्ट कंपनी का कैंटर लुहारी स्थित कंपनी से मानेसर जा रहा था। कंपनी से करीब 200 मीटर दूर कुछ अज्ञात लोगों ने रास्ता रोककर चालक से मारपीट की और उसे नीचे फेंककर कैंटर छीन लिया। वारदात में शामिल एक अन्य व्यक्ति स्कूटी लेकर फरार हो गया था।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गवाहों के बयान दर्ज किए। इससे पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छीना गया कैंटर और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई थी। जांच में प्रमोद की संलिप्तता सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया।