झज्जर। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में डैकिन कंपनी के सहयोग से मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए एयर कंडीशनिंग तकनीक पर विशेष उद्योग आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दोनों विभागों के 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के अनुभवी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को एयर कंडीशनिंग एवं एचवीएसी सिस्टम की आधुनिक तकनीकों, प्रमुख घटकों, उनकी कार्यप्रणाली, इंस्टॉलेशन प्रक्रिया तथा रखरखाव की व्यावहारिक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उद्योग में उपयोग होने वाली नवीनतम तकनीकों से भी अवगत कराया।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. राजेश यादव ने कहा कि ऐसे उद्योग आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता प्रदान करते हैं। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवीनतम औद्योगिक तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना है।
प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी दिगपाल सिंह ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों के लिए उद्योग आधारित व्यावहारिक कौशल जरूरी हैं, जिससे उनकी रोजगार क्षमता बढ़ती है। इस अवसर पर मोहित कादयान, राहुल नेहरा एवं कार्यक्रम समन्वयक कुलदीप सिंह मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताया।