बहादुरगढ़। शहर में जलभराव से निजात दिलाने के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद जसबीर सैनी ने आरोप लगाया कि निर्माण के एक साल के अंदर ही अधिकांश सिस्टम बंद हो गए हैं।
इससे बरसात के दौरान कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। उन्होंने प्रोजेक्ट में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। सैनी ने कहा कि बागवाला मोहल्ला सहित शहर के उन स्थानों पर ये सिस्टम लगाए गए थे जहां हर साल बरसात में पानी भरता है। उस समय लोगों को जलभराव से स्थायी निजात दिलाने का दावा किया गया था लेकिन अब सिस्टम बंद पड़े हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि तकनीकी सर्वे और फिजिबिलिटी जांच को दरकिनार कर चहेते ठेकेदारों को टेंडर दिए गए। किसी भी निर्माण कार्य से पहले तकनीकी पहलुओं, लागत और नियमों की जांच जरूरी होती है, लेकिन इस प्रोजेक्ट में इनका पालन नहीं किया गया।
पूर्व पार्षद ने कुछ स्थानों पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में गंदा और सीवरयुक्त पानी पहुंचने की शिकायतें मिलने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हो रहा है तो यह भूजल संरक्षण के उद्देश्य के विपरीत है। इसकी तकनीकी जांच करवाई जानी चाहिए।
सैनी ने नगर परिषद से सभी सिस्टम की मौजूदा स्थिति, उपयोगिता और निर्माण पर खर्च हुई राशि का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या बरकरार है और डेढ़ करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को लिखित शिकायत देकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की जाएगी।
-फोटो 86 : बागवाला मोहल्ले में भरा बारिश का पानी। स्रोत : स्वयं