झज्जर। डीसी वर्षा खांगवाल ने वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक समाधान सुनिश्चित किया गया।
समाधान शिविर में नागरिक परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। इसके अलावा पुलिस विभाग से संबंधित मामले भी रखे गए।
डीसी ने कहा कि प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को आयोजित होने वाले समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरल और प्रभावी माध्यम उपलब्ध कराना है। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहते हैं, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ जनसेवा को प्राथमिकता दे रही है।