थाना बेरी की पुलिस टीम ने गांव दूबलधन में एक मकान से नकदी, चांदी के आभूषण और इनवर्टर बैटरी चोरी करने के मामले में एक आरोपी सचिन निवासी गांव दूबलधन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा इन्नर्टर बैटरी बरामद की है। थाना प्रबंधक बेरी उप निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि गांव दूबलधन निवासी एक महिला ने 15 जुलाई को शिकायत देते हुए बताया था कि 14 जुलाई की रात को अज्ञात व्यक्ति उसके मकान से नकदी, आभूषण, इन्वर्टर बैटरी चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना बेरी में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी सचिन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चुराई गई बैटरी बरामद कर ली और घटनास्थल की निशानदेही भी करवाई।
थाना प्रबंधक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, लूट और अवैध हथियार से संबंधित पांच आपराधिक मामले थाना बेरी और जिला रोहतक में दर्ज हैं। आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।