झज्जर। थाना साइबर क्राइम झज्जर की टीम ने पार्ट टाइम जॉब का लालच देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी रोहित निवासी राजेंद्र पार्क गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रबंधक साइबर क्राइम झज्जर निरीक्षक सोमवीर ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दी थी कि उनके मोबाइल फोन पर व्हाट्सएप के माध्यम से घर बैठे टास्क पूरा कर मुनाफा कमाने का मैसेज आया। महिला को शुरू में प्रॉफिट दिया गया। पीड़ित महिला धोखाधड़ी करने वाले व्यक्ति के खाते में पैसे डालती गई। उन्होंने पैसे निकालने का प्रयास किया तो नहीं निकले।
साइबर अपराध की जानकारी होने पर उन्होंने आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम झज्जर में एफआईआर दर्ज कराई थी। पुलिस टीम ने इस मामले में रोहित निवासी राजेंद्र पार्क गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।