बादली। निकटवर्ती गांव मुनीमपुर स्थित पुष्प एवं बीज उत्पादन तकनीकी उत्कृष्टता केंद्र में 23 नवंबर से किसानों के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें 10 किसानों को पॉलीहाउस, ग्रीनहाउस, ड्रिप सिंचाई और फूलों की उन्नत खेती की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इच्छुक किसानों को 20 नवंबर तक बागवानी विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पहले पंजीकरण करने वाले 10 किसानों को ही प्रशिक्षण में शामिल किया जाएगा।
केंद्र प्रभारी डॉ. सुरेश रावत ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान किसानों को आधुनिक तकनीकों से कम जमीन में अधिक फूलों का उत्पादन करने की जानकारी दी जाएगी। पॉलीहाउस और ग्रीनहाउस जैसी तकनीकों से फूलों की गुणवत्ता, आकार, रंग और ताजगी बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाले फूलों की मांग भी अधिक रहती है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में टपका सिंचाई, फव्वारा प्रणाली और संतुलित खाद प्रबंधन की जानकारी भी दी जाएगी। इससे पानी, बिजली और खाद की बचत के साथ खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी।