सदर बाजार स्थित एक अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह उन्हें शांत कराया। मृतका के पति ने पुलिस को तहरीर देकर डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कंधई थाना के नौहर हुसैनपुर निवासी निशा सिंह पत्नी दीपक सिंह को दो माह पहले बेटा पैदा हुआ था। 19 अप्रैल को उसे रक्तस्राव शुरू हो गया। परिजनों ने उसे सदर बाजार स्थित एक अस्पताल में भर्ती करवाया। शनिवार सुबह निशा की मौत हो गई। इससे परिजन में कोहराम मच गया। चिकित्सक बकाया दस हजार रुपये जमा करने के बाद ही शव देने को कहा रहा था। इससे नाराज परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंचे नगर कोतवाल ने किसी तरह मामले को शांत कराया। मृतका के पति ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करवाने की मांग की है।
सीएमओ के रहमोकरम पर चल रहा अस्पताल
सदर बाजार स्थित जिस अस्पताल में महिला की मौत हुई वह सीएमओ की कृपा पर चल रहा है। यहां अप्रशिक्षत स्वास्थ्य कर्मचारी मरीजों की देखभाल और इलाज करते हैं। इसके बाद भी इस ओर सीएमओ का ध्यान नहीं पड़ रहा है।