बम की एक कॉल ने चंडीगढ़ पुलिस के पसीने छूड़ा दिए। सेक्टर 17 बस स्टैंड पर बम होने की खबर से हड़कंप मच गया। पुलिस कंट्रोल रूम में आई कॉल के बाद बम निरोधक दस्ता पहुंचा और घंटों वहां चप्पे चप्पे की तलाशी ली। लेकिन घंटों के सर्च ऑपरेशन के बाद भी पुलिस को मौके से कुछ नहीं मिला। बाद में जब कॉल करने वाले की जांच की, तो पता चला किउसने शराब के नशे में कॉल कर दी थी।
जानकारी के अनुसार पीसीआर को सूचना शनिवार शाम करीब 6.30 पर मिली। एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि सेक्टर-17 बस स्टैंड के पास बैग में बम रखा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम और बम स्क्वॉयड टीम ने घंटों सर्च अभियान चलाया। दूसरी पुलिस टीम कॉलर के लोकेशन पर पहुंची तो वह वहां से निकल चुका था।
लोकेशन निकलने के बाद कॉल करने वाले की पहचान हल्लो माजरा निवासी युद्धवीर के रूप में हुई। सेक्टर-31 थाना पुलिस कॉलर से पूछताछ करने उसके घर पहुंची तो परिजनों ने बताया कि वह शराब पीने का आदी है। शायद शराब के नशे में ही कॉल कर दिया होगा। हालांकि, पुलिस टीम को युद्धवीर देर शाम तक नहीं मिला था।
सेक्टर-17 थाना पुलिस ने सेक्टर-17 स्थित प्लाजा में देर शाम चल रहे प्रोग्राम को बीच में कुछ समय के लिए रुकवाकर घोषणा करवा दी। जिसके बाद सभी लोगों ने अपने आसपास चेकिंग की और पुलिस ने वहां का इलाका भी पूरा छान मारा। करीब दो घंटे की तक पूरे सेक्टर 17 में पुलिस वाले इधर से उधर तक दौड़ते रहे। पूरी तरह से छानबीन करने के बाद जब कोई संदिग्ध वस्तु या बैग मौके से नहीं मिला तब जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।