22jjrp07- झज्जर से फरुखनगर तक जाने वाला रोड, जिसे दोबारा बनाया जाएगा। संवाद
झज्जर। गुरुग्राम के फरुखनगर तक करीब 21 किलोमीटर लंबी सड़क का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी बीएंडआर) इस परियोजना पर 51 करोड़ 32 लाख 21 हजार रुपये खर्च करेगा। इसके लिए विभाग ने ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित की हैं। फर्म नौ नवंबर तक निविदा प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगी।
सड़क के पुनर्निर्माण के तहत पहले मौजूदा सड़क की परत उखाड़ी जाएगी। इसके बाद तारकोल की नई परत बिछाई जाएगी। निविदाएं जमा होने के बाद तकनीकी और वित्तीय बिड खोली जाएंगी। वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ठेकेदार को नौ महीने में काम पूरा करना होगा। निविदा प्रक्रिया और इसके बाद की औपचारिकताओं के चलते निर्माण कार्य नए साल में शुरू होने की संभावना है।
छह गांवों के लोगों को मिलेगी राहत
यह फोरलेन सड़क कई जगह से क्षतिग्रस्त है और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। सड़क के पुनर्निर्माण से सिलानी पाना कैशो, सिलानी पाना जालिम, कलोई, दुरीना, दादरी तोए और याकूबपुर के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सीधा गुरुग्राम से होगी कनेक्टिविटी
झज्जर से फरुखनगर होते हुए गुरुग्राम जाने वाली इस सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों लोग नौकरी और अन्य कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। दादरी तोए और याकूबपुर में रिलायंस मेट की मौजूदगी के कारण यह मार्ग व्यापारिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सड़क की हालत सुधरने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी लाभ होगा।
वर्जन
झज्जर से फरुखनगर तक रोड को उखाड़कर दोबारा बनाया जाएगा। इस पर तारकोल की लेयर डाली जाएगी। इसके लिए मंजूरी पहले मिल चुकी थी। अब इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सुमित कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग