चंडीगढ़। कैंसर को शिकस्त देकर आए हार्ड हिटर युवराज सिंह मंगलवार को अपने शहर चंडीगढ़ पहुंचेंगे। युवी अमेरिका में इलाज के बाद करीब चार महीने बाद चंडीगढ़ आ रहे हैं। युवी यहां अपने दोस्तों और उन क्रिकेट फैंस से मिलेंगे, जिन्होंने उनके स्वास्थ्य के लिए दुआएं की हैं।
युवराज सिंह जेट एयरवेज की फ्लाइट से सुबह साढ़े ग्यारह बजे चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। उनके साथ उनकी माता शबनम सिंह भी होंगी। युवी के मैनेजर राजकुमार कपूर ने कहा कि युवराज सिंह एयरपोर्ट से सीधे अपने मनीमाजरा स्थित घर जाएंगे। युवराज सिंह के चंडीगढ़ पहुंचने की खबर सुनते ही उनके दोस्तों में खुशी की लहर दौड़ गई है। युवी के मैनेजर के अनुसार वे करीब तीन दिन तक चंडीगढ़ में रहेंगे। इस दौरान युवी डीएवी स्कूल और डीएवी कालेज भी जाएंगे। युवी के प्रशंसकों ने कहा कि वे युवराज के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
वर्ल्डकप जीतने से ज्यादा खुशी
युवराज सिंह जब वर्ल्डकप जीतकर लौटे थे तो उनके स्वागत के लिए सबकी पलकें बिछ गईं थीं। अब उन लोगों में ही उससे कहीं ज्यादा खुशी है। क्रिकेट कोच हरीश शर्मा ने कहा कि जब से युवराज सिंह इंडिया लौटे हैं तभी से उनसे मिलने को बेताब हैं। उन्होंने कहा कि खुशी इस बात की है कि वे अबकी बार कैंसर को हराकर लौट रहे हैं और यह जंग किसी भी जंग से ज्यादा महत्वपूर्ण है।