चंडीगढ़। सेक्टर-26 के ताओ डिस्को में बुधवार रात करीब डेढ़ बजे अपनी गर्लफ्रेंड के साथ किसी और को डांस करता देखकर डीएवी कालेज के छात्र ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर जमकर बवाल काटा। युवकों ने पहले डिस्को के भीतर हाथापाई की, फिर बाहर आकर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इसमें पंचकूला निवासी बीए (प्राइवेट) फर्स्ट ईयर का छात्र नितिश घायल हो गया। उसके सिर पर गहरी चोट लगी है। उसे जीएमसीएच-32 में दाखिल कराया गया। वहीं, पुलिस ने मौके पर ही डीएवी सेकेंड ईयर के आरोपी छात्र डबवाली (सिरसा) निवासी अमरिंदर को दबोच लिया, जबकि उसके तीन साथी कार से फरार हो गए। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने घायल नीतीश की शिकायत पर अमरिंदर सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ मणी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
डीएवी कालेज का छात्र अमरिंदर सिंह अपने दोस्तों के साथ ताओ डिस्को आया था। इस दौरान अमरिंदर की गर्लफ्रेंड एक अन्य युवक नीतीश के साथ डांस करने लगी। शराब के नशे में धुत अमरिंदर ने नीतीश को अपनी गर्लफ्रेंड के साथ डांस करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई। इतने में अमरिंदर के दोस्त हरप्रीत उर्फ मणी समेत तीन और दोस्त आ गए और सबने मिलकर मारपीट की। थोड़ी देर बाद नीतीश डिस्को के बाहर आ गया। इस दौरान अमरिंदर अपनी गर्लफ्रेंड को घर छोड़ने की बात कहने लगा तो नीतीश ने उसे धक्का मार दिया और अमरिंदर ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर तेजधार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। डिस्को के बाहर मौजूद युवकों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने लहूलुहान हालत में नीतीश को जीएमसीएच पहुंचाया। पुलिस ने अमरिंदर को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि हरप्रीत सिंह उर्फ मणी समेत तीनों युवक कार से फरार हो गए।
कोट्स........
युवती के डांस करने को लेकर युवकाें के बीच मारपीट हुई थी। पुलिस ने हमला करने वाले चारों युवकोें के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
- अनोख सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर 26