अमृतसर में अर्धसैनिक बलों का फ्लैग मार्च
- फोटो : amar ujala
घल्लूघारा सप्ताह को लेकर पंजाब सरकार ने अमृतसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने भी दरबार साहिब परिसर में एहतियात के तौर पर सुरक्षा कदम उठाए हैं।
सजीपीसी अध्यक्ष जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ का कहना है कि छह जून की दुखद घड़ी में श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचने वाले सिखों से अपील की गई है कि वह कोई ऐसा कदम न उठाएं, जिससे शरारती तत्वों को माहौल खराब करने का अवसर मिल सके। चूंकि दरबार साहिब परिसर में पुलिस और सुरक्षा बलों को आने की इजाजत नहीं है, इसलिए एसजीपीसी ने अपने तौर पर सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 और 2015 में भी छह जून को दरबार साहिब परिसर में उग्र सिख संगठन के कार्यकर्ताओं ने विवाद खड़ा किया था और एसजीपीसी को सुरक्षा के लिए अपने सेवादारों को उतारना पड़ा था। जत्थेदार मक्कड़ के अनुसार दरबार साहिब में देश ही नहीं, विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए उनकी कोशिश होती है कि वहां ऐसा माहौल न बने, जिससे अप्रिय स्थिति का सामना करना पड़े। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दरबार साहिब परिसर में किसी को तलवारें लहराने की इजाजत नहीं होगी। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार इस मौके पर सिख संगत को संबोधित करेंगे।
दल खालसा का मार्च 3 को
दल खालसा ने तीन जून को अमृतसर में मार्च निकालने की घोषणा की है। तीन जून को ही सेना ने आपरेशन ब्लू स्टार के तहत कार्रवाई शुरू की थी। इसके विरोध में दल खालसा ने अमृतसर शहर में मार्च निकालने की तैयारी की है।