संवाद न्यूज़ एजेंसी
बादली। मंगलवार को क्षेत्र में लगभग 4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे किसानों और आमजन को भीषण गर्मी से राहत मिली। हल्की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट आने से लोगों ने राहत महसूस की। वहीं खेतों में नमी बढ़ने से किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
किसान देवेंद्र ने बताया कि यह बारिश खरीफ सीजन की तैयारियों के लिए लाभदायक साबित होगी, विशेषकर बाजरा और हरे चारे की फसलों की बुवाई के लिए मिट्टी में पर्याप्त नमी बन गई है। कई किसान खेतों की जुताई और बुवाई की तैयारी में जुट गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों ने भी बारिश का स्वागत किया। मौसम में ठंडक आने से लोगों को उमस से राहत मिली और जनजीवन सामान्य हुआ। कृषि विशेषज्ञ सुनील कौशिक के अनुसार नियमित और संतुलित बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक रहेगी।