बहादुरगढ़। शहर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए प्रस्तावित 200 बेड का नागरिक अस्पताल आठ साल बाद भी पूरी तरह बनकर तैयार नहीं हो पाया है। वर्ष 2018 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने अस्पताल की आधारशिला रखी थी। अब अस्पताल के निर्माण को पूरा करने के लिए 16 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी का इंतजार है।
पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा 5 फरवरी 2025 को बजट की डिमांड की गई थी, लेकिन डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी मंजूरी नहीं मिल पाई है। अब खर्च भी बढ़ने के आसार हो गए हैं। वहीं अस्पताल के निर्माण पर अब तक 40 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
अब डेढ़ वर्ष में खर्च बढ़ने के आसार हैं। अस्पताल की बिल्डिंग बनकर तैयार है। अब इसमें फिनिशिंग के काम कराए जाएंगे। इनमें बिजली का काम भी शामिल हैं।
अस्पताल का निर्माण पूरा नहीं होने से शहर की बड़ी आबादी को अभी भी मौजूदा नागरिक अस्पताल की सुविधाओं पर निर्भर रहना पड़ रहा है। मरीजों की संख्या के मुकाबले सुविधाएं सीमित होने से कई बार अस्पताल पर दबाव बढ़ जाता है।
लोग बोले-अस्पताल जल्द बनना जरूरी
शहरवासी अग्रवाल कॉलोनी निवासी मुकेश बंसल, योगेश गुप्ता का कहना है कि बहादुरगढ़ की आबादी लगातार बढ़ रही है। नया अस्पताल जल्द तैयार होना जरूरी है। अशोक नगर निवासी रवि कुमार, प्रताप सिंह, सुमेर शर्मा ने कहा कि अस्पताल की घोषणा और आधारशिला के बाद निर्माण कार्य समय पर पूरा होना चाहिए था। अब बजट की मंजूरी नहीं मिलने के कारण काम आगे बढ़ने का इंतजार है। लोगों ने सरकार और संबंधित विभाग से अस्पताल के लिए जरूरी बजट जल्द जारी करने और निर्माण कार्य को निर्धारित समय में पूरा कराने की मांग की है।
15 फरवरी 2025 को भेजी गई थी बजट की डिमांड : एक्सईएन
बहादुरगढ़ पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन अनिल रोहिल्ला ने कहा कि अस्पताल का बचा हुआ काम पूरा कराने के लिए 16 करोड़ रुपये की डिमांड 15 फरवरी 2025 को भेजी गई थी। अभी तक इसक अप्रूवल नहीं मिका है। फाइनेंस कमेटी से मौखिक रूप से अप्रूवल मिलने की जानकारी है, लेकिन लिखित रूप में अभी तक कोई पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। बजट मिलने के बाद ही अस्पताल का बचा हुआ निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
-
-फोटो 81 : बहादुरगढ़ में अधूरा पड़ा नागरिक अस्पताल का निर्माण। संवाद