जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है, वही घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आईटीआई चौराहे के पास कोतवाली क्षेत्र के स्वरूप नगर निवासी सुधीर कुमार मिश्रा (45) अपनी बाइक से जा रहे थे, जैसे वह आईटीआई के पास पहुंचे तभी ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने था। ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला पीपल के पास बाइक सवार रवि (20) पुत्र मुस्ताक अली निवासी मसूद के अलावा मोमिन पुत्र तौफीक व भूरे पुत्र मोहर सिंह निवासी कैशोंपुर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी।
विज्ञापन
जिससे तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को पीजीआई में भर्ती कराया। जहां रवि की मौत हो गई। जबकि दोनों का उपचार चल रहा है। इस हादसे में मौत का शिकार हुए रवि व उसके साथी हेलमेट नहीं पहने थे। तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव लुहन्ना के पास हुई। पैदल जा रहे बलबीर व रानी निवासी लुहन्ना को बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद बाइक भी गिर पड़ी। जिससे उस पर सवार अजीत कुमार व छुन्नी देवी निवासी लुहन्ना घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आईटीआई चौराहे के पास बस की चपेट में आकर बाइक सवार सुरेंद्र कुमार पुत्र मान सिंह निवासी तमेरा घायल हो गया। हाईवे पर संचेतना कालेज के पास ट्रक की चपेट में आकर शोभा राम पुत्र माता दीन निवासी भरथना रोड घायल हो गए।