फोटो-53: बहादुरगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभ
बहादुरगढ़। महिलाओं को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सेक्टर-9 स्थित जिमखाना क्लब में चौथा पिंकथॉन डे मनाया गया। बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप (बीआरजी) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 140 लोगों ने पंजीकरण कराया। तीन किलोमीटर की दौड़ में वर्षा रानी ने पहला, बिमलेश ने दूसरा और वर्षा पहलवान ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में जुम्बा गतिविधि और बच्चों के लिए कैंसर जागरूकता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
पिंकथॉन की स्थानीय एंबेसडर डॉ. किरण छिल्लर और दीपक छिल्लर के नेतृत्व में सुबह छह बजे कार्यक्रम शुरू हुआ। दौड़ में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में हितेश राठी और सिद्धार्थ शर्मा संयुक्त रूप से प्रथम रहे। निष्ठा राठी ने दूसरा और आर्ची ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। ध्रुवित, कियारा मलिक, अनायशा और जयदीप राठी ने भी प्रतियोगिता में भाग लिया।
आयोजकों ने पूनम, नरेंद्र लठवाल, शरणम सिंह, नीलम राठी, ब्रह्म प्रकाश, अनीता लठवाल, संतोष बंसल और सुमन को प्रेरणादायी योगदान के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
दीपक छिल्लर ने बताया कि पिंकथॉन के संस्थापक मिलिंद सोमन की पहल के तहत भारत, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स के 65 शहरों में 168 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और नियमित व्यायाम को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। कार्यक्रम बीआरजी के ''मिशन फिट बहादुरगढ़'' के तहत आयोजित किया गया।
फोटो-53: बहादुरगढ़ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदयभानु चिब। संवाद