इनामी बदमाश प्रोडेक्शन वारंट पर गिरफ्तार
होडल। गांव मित्रोल स्थित आकाश फिलिंग स्टेशन पर 10 लाख 26 हजार रुपये की लूट के मामले में पुलिस ने बिश्मरा निवासी साहून को पूछताछ के लिए अदालत से प्रोडेक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर यहां लाई है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। इस बदमाश पर कई राज्यों के पुलिस थानों में हत्या,चोरी, लूटपाट, अपहरण और जान से मारने की धमकी जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। इस पर दिल्ली और यूपी पुलिस ने दो-दो लाख व मध्य प्रदेश और मेवात पुलिस ने 50 -50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। बदमाश के खिलाफ पलवल के ईंट भट्टा मालिक का अपहरण कर करोड़ों रुपये की फिरोती मांगने का मामला भी दर्ज है।
सीआईए पुलिस प्रभारी नानक चंद के अनुसार गांव मित्रोल स्थित आकाश फिलिंग स्टेशन पर 2 मई 2016 को 10 लाख 26 हजार रुपए की लूट की गई थी। इस मामले में साहुन वांछित था। साहुन ने अपने नौ साथी बदमाशों के साथ मिलकर तब लूट की वारदात को अंजाम दिया था जब पंप कर्मी कैश जमा कराने के लिए बैंक जा रहे थे। पुलिस इस मामले में हुसैनी निवासी राजू भाटी, गांव हैवतका निवासी अरसद, सीहा निवासी वेदपाल, सहजादपुर निवासी उमा सिंह, आलीमेव निवासी उमर, बिश्मरा निवासी शेरखान को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इनके कब्जे से पुलिस 3 लाख 8 हजार रुपए बरामद भी कर चुकी है। अन्य वारदातों का खुलासा करने और लूट की बची रकम बरामद करने के लिए पुलिस साहुन से पूछताछ करनें में जुटी है।