बालक एवं बालिका प्राइमरी स्कूल में भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक के मद्देड़ में संचालित बालक एवं बालिका प्राइमरी स्कूल इन दिनों पंचायत व अस्पताल भवन के बगल में होने का खामियाजा भुगत रहा है। वहां की नालियों को जाम कर दिए जाने से पानी स्कूल परिसर में जमा होकर स्वीमिंगपुल में तब्दील हो गया है। इसके चलते बच्चों को स्कूल से छुट्टी भी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि मद्देड़ में संचालित बालक-बालिका प्राइमरी स्कूल का परिसर बारिश होते ही पानी से भर जाता है। इससे न केवल बच्चों को परेशानी हो रही है, बल्कि शिक्षकों को भी इससे समस्या से दोचार होना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर से पानी का निकासी नहीं हो पा रही है। स्कूल के पास में पंचायत व अस्पताल भवन बने हैं। वहां की नाली जाम होने से निकासी नहीं हो पा रही है, जिससे बारिश का पानी स्कूल परिसर में जाम हो रहा है।
संस्था के शिक्षक पुप्पाल अंशुरिया व शिक्षिका मंजू रापर्ति ने बताया कि स्कूल परिसर में पानी भरे होने से एक दिन बच्चों को छुट्टी देनी पड़ी। उन्होंने बताया कि स्कूल परिसर में जलभराव से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। इधर भोपालपटनम में आयोजित पालक सम्मेलन में शामिल होकर लौट रहे जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का निरीक्षण कर वहां स्थिति को देख दोनों स्कूलों को मद्देड़ में स्थित दुधेड़ा आश्रम में शिफ्ट कर संचालित करने का मौखिक आदेश दिए हैं।