Vijay Sharma said on Kanker Naxalite Encounter: छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने कांकेर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 29 नक्सलियों के एनकाउंटर पर जवानों के साहस और शौर्य को सलाम किया है। मीडिया से चर्चा में कहा कि कांकेर के दक्षिण में और नारायणपुर के उत्तर में माड़ के एक क्षेत्र में आपरेशन हुआ है। इसमें बड़ी संख्या में नक्सली मारे गये हैं। गृहमंत्री ने दोबारा दोहराया कि वो नक्सलियों से संवाद करने को तैयार हैं।
एसपी ने जानकारी देते हुए कहा कि टॉप नक्सल कमांडर शंकर राव मारा गया है। शंकर राव 25 लाख का इनामी था। मुठभेड़ में 4 एके 47 रायफल समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गये हैं। मारे गए नक्सलियों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है। मुठभेड़ में बीएसएफ इंस्पेक्टर समेत तीन जवान घायल हुए हैं। इनमें दो डीआरजी के जवान बताये जा रहे हैं। घायल जवानों को लाने के लिए चॉपर भेजा गया है। बता दें कि दूसरे चरण में 26 अप्रैल को कांकेर में लोकसभा चुनाव होने हैं। उसके पहले ये बड़ी मुठभेड़ हुई है।
नक्सली कमांडर शंकर राव भी मारा गया
पुलिस फोर्स और नक्सलियों के साथ मंगलवार को हुई मुठभेड़ में नक्सली कमांडर शंकर राव ढेर हो चुका है। वहीं दो महिला नक्सली ललिता और मांडवी भी मारी गई हैं। सबके शव लाने के लिए पुलिस टीम रवाना की गई है। बताया जाता है कि मारा गया खूंखार नक्सली शंकर राव पर 25 लाख रुपये का इनाम था। वहीं मारी गई दो महिला नक्सली ललिता और मांडवी पर भी 25-25 लाख का इनाम था। शंकर राव, ललिता और मांडवी डीवीसी रैंक के लीडर थे। पुलिस ने मौके से चार ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद किये गये हैं। कुल 50 से से अधिक नक्सली थे। जो अलग-अलग टीम में शामिल थे।
बस्तर में 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान
छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। 19 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होना है। ऐसे में चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में आज कांकेर के छोटे बेठिया थाना क्षेत्र के माड़ इलाके में आज सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 29 से ज्यादा नक्सली मारे गये हैं और इलाके में सर्चिंग जारी है। वहीं मुठभेड़ में तीन जवानों के घायल होने की खबर है।