बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कथित धार्मिक टिप्पणी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। घटना के दौरान पथराव हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सोशल मीडिया पर कथित धार्मिक टिप्पणी को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ था। घटना 28 अगस्त की रात की है। विवाद के दौरान तारबाहर टीआई रवि तिवारी समेत दोनों पक्षों के 24 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश और पहचान की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कथित टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग सिटी कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज में जुट गए। दोनों पक्षों ने अपने-अपने साथियों को मौके पर बुला लिया, जिससे विवाद और बढ़ गया। पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई और इसके बाद जमकर पथराव किया गया। घटना में तारबाहर टीआई रवि तिवारी के सिर में चोट लगी। सामने आए वीडियो में वह हाथ से सिर थामे भीड़ के बीच से निकलते नजर आए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षा घेरे में लेकर मौके से बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली टीआई, सीएसपी गनन कुमार और एडिशनल एसपी पंकज पटेल को भीड़ जुटने की जानकारी दी गई थी। मौके पर पेट्रोलिंग टीम पहुंची थी। इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया।