प्रार्थना सभा को लेकर हंगामा करते ग्रामीण।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक मकान में हो रही प्रार्थना सभा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव का माहौल खराब किया जा रहा है। वहीं सभा में पहुंची महिलाओं का कहना था कि वह अपनी मर्जी से आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों को समझाकर शांत करा दिया गया है। कोई शिकायत अभी नहीं मिली है। अगर मिलेगी तो कार्रवाई करेंगे। मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मुजगहन के एक घर में प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। जहां बाहर के लोग भी पहुंचे हुए थे। जब ग्रामीणो को इसकी जानकारी हुई तो बड़ी संख्या में लोग घर के सामाने एकत्रित हो गए और प्रार्थना सभा के विरोध में हंगामा करने लगे। सूचना ही पुलिस को लगी तो वह भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। इसके बाद सभा में आए लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला और उनके घरों को भेजा गया।
ग्रामीणो की मांग है कि पिछले कई महीनों से उस घर में प्रार्थना सभा की जा रही है, जिसके कारण गांव का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने पहले भी मकान मालिक को समझाइश दी थी, लेकिन इसके बावजूद प्रार्थना सभा का आयोजन किया जा रहा था। फिलहाल ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर प्रार्थना सभा को बंद किया जाए। वहीं सभा में आई महिलाओं का कहना है कि वह स्वेच्छा से आई थीं। किसी ने जबरदस्ती नहीं की।