छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पुलिस ने शुक्रवार को 54 हीरों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी हीरे बेचने की फिराक में नेशनल हाईवे पर घूम रहे थे। आरोपियों के पास से बरामद हीरों की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि आरोपी हीरे कहां से लेकर आए थे। मामला मैनपुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध लोग नेशनल हाईवे 130 सी पर मैनपुर-गरियाबंद के बीच घूम रहे हैं। आरोपियों के पास कोई संदिग्ध सामान हो सकता है। इस पर पुलिस ने एक टीम मौके पर भेजी। मैनपुर से करीब आठ किमी दूर नेशनल हाईवे पर दबनाई नाला के पास दो युवक घूमते दिखाई दिए। इस पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 54 हीरे बरामद हुए।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी विजयवाड़ा भवानीपुर निवासी सैयद हुसैन खान और गरियाबंद निवासी कमाल खान को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि सैयद हुसैन से 30 और कमाल खान से 24 हीरे बरामद हुए हैं। दोनों ने हीरे कागज की पोटली बनाकर जेब मं छिपा रखे थे। पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि खदान से ये हीरे चोरी कर लाए गए थे।