कोरबा के टीपी नगर में कार शोरूम के पास स्थित मोटर गैरेज में आग लग गई। मोटर गैराज से धुआं के साथ आग की लपटें निकलने लगी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाने का प्रयास शुरू करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी। नगरसेना के दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, तब तक मरम्मत के लिए पहुंची दो कार जलकर खाक हो चुकी थी। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
सीएसईबी पुलिस चौकी अंतर्गत वाल्मिकी अटल आवास में रहने वाले रोशन महंत टाटा कार शोरूम के पास मोटर गैरेज चलाते हैं। इस गैरेज में कार सहित अन्य गाड़ियों में सुधार का काम किया जाता है। रोशन प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को पूरे दिन काम करता रहा। इसके बाद वह गैरेज बंद कर घर चला गया। देर रात मार्ग से गुजर रहे लोगों की नजर गैरेज में पड़ी तो उनके होश उड़ गए।
दरअसल, गैरेज से धुएं के साथ आग की लपट निकल रही थी। इस आग ने गैरेज में खड़ी चार पहिया वाहनों को चपेट में लेना शुरू कर दिया था। जिसकी सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नवीन पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने आग की लपटें देखकर नगर सेना के दमकल विभाग को सूचना दी। साथ ही अपनी टीम के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। थोड़ी देर बाद नगर सेना के दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन दो कार जलकर खाक हो चुकी थी। मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।