छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में पुलिस दल ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया और एक नक्सली को गिरफ्तार किया है। सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि जिले के फुलबगड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुलेर गांव के जंगल में डीआरजी के दल ने मुठभेड़ में तीन नक्सलियों को मार गिराया है।
अधिकारियों ने बताया कि डीआरजी के दल को कल शाम फुलबगड़ी थाना क्षेत्र में गश्त के लिए भेजा गया था। दल को क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की जानकारी मिली थी। दल जब मुलेर गांव के जंगल में था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में जब पुलिस दल ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से तीन नक्सलियों के शव, एक 315 बोर रायफल, चार भरमार बंदूकें, एक पाइप बम और अन्य सामान बरामद किया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल ने घटना स्थल से एक माओवादी को भी गिरफ्तार किया है।
हालांकि इस मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, पुलिस दल अभी भी जंगल में है। उनके बाहर निकलने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी।