छत्तीसगढ़ में बीते 23 जून को शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई थी। वहीं, धमतरी जिले के शासकीय कॉलेज भखारा में परीक्षार्थीयों को एक घंटा लेट उत्तर पुस्तिका मिली थी। जिसको लेकर परीक्षार्थियों ने कॉलेज के बाहर प्रदर्शन कर कलेक्टर से शिकायत की और मांग की थी कि उनको बोनस अंक दिए जाएं..या फिर परीक्षा रद्द कर फिर से परीक्षा कराई जाए। जिसको लेकर व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर ने भखारा के शासकीय कॉलेज में फिर से परीक्षा आयोजित कराने का फैसला लिया है।
परीक्षा 20 जुलाई 2024 को आयोजित की जाएगी। भखारा कॉलेज में 23 जून को टीईटी की परीक्षा में 288 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। वहीं, दूसरे पाली की परीक्षा में परीक्षार्थियों को एक घंटा लेट उत्तर पुस्तिका वितरण की गई थी। जिसको लेकर परीक्षार्थीयों ने नाराजगी जाहिर करते हुए इसकी शिकायत की थी। बताया जा रहा है कि परीक्षार्थी जो 20 जुलाई को आयोजित परीक्षा में शामिल होंगे उनकी पूर्व की उत्तर पुस्तिका को निरस्त माना जाएगा और उनका परिणाम 20 जुलाई को आयोजित होने वाली उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के आधार पर घोषित किया जाएगा। जबकि जो परीक्षार्थी दोबारा परीक्षा में शामिल नहीं होंगे, उनका परिणाम 23 जून की उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन के आधार पर घोषित किया जाएगा।