बाढ़ में फंसे जवानों का किया गया रेस्क्यू
- फोटो : अमर उजाला
उसूर ब्लॉक के इलमिडी थाना क्षेत्र के सेमलडोडी के जंगल में 19 जुलाई को हुई मुठभेड़ के बाद तेलंगाना की ग्रेहाउंड के जवान बाढ़ की वजह से तीन दिनों तक जंगल में ही फंसे रहे। अफसरों को इसकी जानकारी लगते ही जवानों को सेना के हेलीकॉप्टर से निकालकर वाजेड पहुंचाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 19 जुलाई को बीजापुर जिले के इलमिडी थाना इलाके के सेमलडोडी में मुठभेड़ हुई थी। मुठभेड़ के बाद बारिश शुरू हो गई और तकरीबन तीन दिनों से ग्रेहाउंड के जवान बाढ़ में फंसे रहे। जवानों के फंसे होने की सूचना मिलते ही अधिकारियों ने जंगल में फंसे पुलिसकर्मियों को हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर वाजेड पहुंचाया। बताया जा रहा है कि वापसी के दौरान जवान तेलंगाना के पेनगुल नदी में आई बाढ़ में फंस गए थे।
तकरीबन तीन दिनों तक ग्रेहाउंड के जवान बिना राशन और खाद्य सामग्री के बाढ़ में ही फंसे रहे। जवान पांच दिन पहले ऑपरेशन के लिए बीजापुर और तेलंगाना की सीमा पर आए थे। लौटते समय खराब सड़क और बारिश के कारण जंगल में फंस गए। इधर जवानों के फंसे होने की सूचना मिलते ही अफसरों ने जंगल में फंसे हुए जवानों को सेना के हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कर चौथे दिन वाजेड पहुंचाया। बताया जा रहा है कि करीब 3 दिनों से जंगल में फंसे होने के बाद जवान खुद को अस्वस्थ महसूस कर रहे हैं। जिसके कारण जवानों को अधिकारी कंधे लादकर हेलीकाप्टर से बस तक कंधे पर लादकर लेकर गए।