रायगढ़ जिले के भकुर्रा गांव में 23 वर्षीय सोनु चौहान का शव घर में खून से लथपथ मिला। पुलिस को सिर पर सिलबट्टे से वार कर हत्या किए जाने की आशंका है। फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है और कुछ संदेहियों से पूछताछ की जा रही है।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक युवक की सिर पर सिलबट्टे से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है।
विज्ञापन
रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भकुर्रा निवासी 23 वर्षीय सोनु चौहान का शव रविवार शाम उसके घर में खून से लथपथ हालत में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में मृतक के सिर पर सिलबट्टे से वार किए जाने के निशान मिले। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने शनिवार रात इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बहनों की शादी के बाद सोनु अपने घर में अकेले रहता था।
लैलूंगा थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।