रायगढ़ जिले में चार दिन पहले अधेड़ महिला की अधजली लाश मिलने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। दूसरी पत्नी रखने के शक में मृतका विवाद करती थी। इसी बात को लेकर आरोपी ने साड़ी से गला दबाकर हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से आरोपी ने शव जलाने का प्रयास किया था। मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार 17 जून को मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर एक अधेड़ महिला की जली हुई अवस्था में शव मिला था। मौके पर शव घसीटने के निशान मिले थे। जिसके बाद शव को मरच्युरी में सुरक्षित रखवाते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की पतासाजी की जा रही थी।
मृतका की पहचान बनी चुनौती
हत्या की वारदात के बाद मृतका की पहचान के लिए पुलिस आसपास गांव के अलावा औद्योगिक इकाइयों में पूछताछ की जा रही थी। इस दौरान लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रहने वाली महिला के कुछ दिनों से गायब होने की जानकारी मिली। वहीं सोशल मीडिया में जारी फोटो वीडियो देखकर जशपुर जिले के ग्राम बोरो निवासी दो युवक पहुंचे जिन्होंने मृतका की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का 60 साल के रूप में की।
तीन साल पहले हुई पहचान
पूंजीपथरा पुलिस संदेही इमिलीयूस तिग्गा के संबंध में जानकारी जुटाकर जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। इस दौरान पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 2 साल से एनआर फेरो प्लांट तुमीडीह में मजदूरी करता था। आरोपी ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसकी पहचान मां शिवा प्लांट में काम करने वाली मंगरिता एक्का से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया और वे पति-पत्नी की तरह लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहे थे।
गला घोंटकर हत्या, फिर शव जलाने का प्रयास
आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतिका अक्सर उस पर दूसरी पत्नी रखने का शक करते हुए विवाद करती थी। 17 जून को मंगरिता एक्का घर जाउंगी कहकर थैला में कुछ कपड़ा, पानी बाटल लेकर निकली। इमिलीयूस तिग्गा भी मकान मालिक को दो-तीन दिन के लिए गांव जा रहे हैं कहकर उसके पीछे पीछे निकला । रास्तें में दोनों महुआ पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहे थे कि पिछली बातों को लेकर विवाद बढ़ने पर इमिलीयूस ने मंगरिता की साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया और पास के पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर शाम को शव को घसीटकर क्रेशर डस्ट के ढेर के पास ले गया तथा पहचान छिपाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद आरोपी के मेमोरेंडम पर घटनासमय पहने कपड़े, घटना में प्रयुक्त पेट्रोल की बोतल एवं माचिस बरामद करते हुए आरोपी को हत्या के मामले में आज न्यायालय में पेश किया गया , जहां से रिमांड पर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।