रायगढ़ जिले में पिछले दिनो जंगली सुअर के लिये बिछाये गए करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से कृषि विस्तार अधिकारी की मौत हो गई थी। परिजनों की रिपोर्ट के बाद पुलिस अब इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले को जांच में ले लिया है। मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के अनुसार अलोक कुमार साहू, निवासी खम्हार ने लैलूंगा थाने में रिपोर्ट लिखाते हुए बताया है कि 12 अक्टूबर की रात साढ़े 8 बजे के आसपास लालकुमार साहू 37 साल, जो कि गुडुबहाल में कृषि विस्तार अधिकारी के पद पर पदस्थ थे। वह मुड़ाबहाल में स्थित खेत में लगे धान की फसल को कटाई कराया था। जंगली सुअर रात होते ही फसल को खाकर नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिये उन्हें डराने और पटाखा फोडने लालकुमार पहुंचा हुआ था।
इस दौरान अज्ञात व्यक्ति के द्वारा जंगली सुअर के लिये बिजली खंबा से तार जोड़कर खेत किनारे लकड़ी गाडकर तार को बांधा गया था। उसी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आने से लालकुमार साहू का पैर फंस गया और करंट में चिपक कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। बहरहाल परिजनों की रिपोर्ट के बाद लैलूंगा पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 105 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये गांव के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
गिरोह बनाकर किया जा रहा शिकार
बताया जा रहा है कि गांव में एक गिरोह एक लंबे अर्से से करंट बिछाकर अवैध शिकार की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इस गिरोह में 10 से अधिक लोगों के होनें की भी आशंका जताई जा रही है। फिलहाल देखना यह है कि करंट बिछाकर अवैध शिकार करने वाले आरोपियों तक पुलिस कब तक पहुंचती है।