छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक व्यवसायी ने सूदखोर से परेशान होकर जहर सेवन कर आत्महत्या कर लिया। जहर सेवन करने से पहले मृतक ने एक वीडियो भी बनाया था जिसमें वह कह रहा था कि उधारी वाले बहुत परेशान कर रहे हैं, धीरे-धीरे दूंगा बोल रहा हूं तो कोई मान नही रहा है। कोई घर खाली करने की बात कह रहा तो कोई घर पर कब्जा कर लिया है। बहुत शौक से घर बनाया हूं, टेंशन नही झेल पा रहा हूं मरना पड़ रहा है। व्यवसायी की मौत के बाद पुलिस अब सूदखोर के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अतरमुडा निवासी रूपेश दीवान 42 साल ने एक रिटायर्ड बैंक कर्मी अरूण मिश्रा के यहां किराये में होटल चलाता था और जरूरत पड़ने पर अरूण मिश्रा से ब्याज में रकम लेता था। कुछ रकम पहले रूपेश ने लौटाये भी लेकिन कुछ दिनों से वह रूपये नही दे पा रहा था इसी बीच शुक्रवार की शाम अरूण मिश्रा के साथ तीन से चार लोग रूपेश दीवान के घर पहुंचे और पैसे लेकर जाने की जिद पर अड गए। इस दौरान घर में रूपेश की पत्नी और बेटे ही मौजूद थे। इस दौरान अरूण मिश्रा ने रूपेश की पत्नी के साथ बदसलूकी करते हुए घर में ताला लगा दिया।
सूदखोर से परेशान होकर कल सुबह तकरीबन साढ़े 10 बजे के आसपास जहर सेवन करने से पहले एक वीडियो बनाकर अपने परिजनों को भेजा। इस मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल रूपेश को रायगढ़ मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां स्थिति में सुधार नही होता देख उसे रायपुर ले जाया जा रहा था इस बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस संबंध में सीएसपी आकाश शुक्ला ने बताया कि रूपेश दीवान की मौत हो जाने के बाद पुलिस अरूण मिश्रा और उसके बेटे के खिलाफ धारा 308(2) 333, 75(1) (i) 75(1)(ii) 75(1) (iv) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर हिरासत में लेते हुए पूछताछ की जा रही है।